July 9, 2026

सात साल से फरार आरोपित मुंबई में खोद रहा था गड्ढे

0
7_copy.jpg

खंडवा
घासपुरा क्षेत्र में उर्दू स्कूल के पीछे रहने वाले अधिवक्ता गनी भाई फिदवी के घर डकैती डालने के मामले में सात से साल से फरार आरोपित विष्णु शिंदे को कोतवाली पुलिस ने पकड़ा है। जालना का रहने वाला विष्णु घटना के बाद से फरार था। वह मुंबई में पाइप लाइन के लिए गड्ढे खोदने का काम करते हुए पकड़ा गया। घासपुरा निवासी अधिवक्ता गनीभाई फिदवी के घर छह अगस्त 2016 की रात करीब तीन बजे 12 बदमाशों ने डकैती की वारदात को अंजाम दिया था।

आठ आरोपितों को 2016 में पकड़ा था

स्वजन को बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट कर बदमाश सऊदी अरब की मुद्रा सहित करीब 15 लाख के गहने और दस लाख रुपये ले गए थे। पुलिस ने 23 अगस्त 2016 को महाराष्ट्र और राजस्थान से आठ आरोपितों को पकड़ा था। तीन आरोपित जालना निवासी विष्णु पुत्र गंगाराम शिंदे और सलूजा कालोनी निवासी सद्दाम पुत्र सईद और शकील पुत्र जुम्मन हाथ नहीं आए थे। इसके बाद से पुलिस लगातार इन तीनों की तलाश कर रही थी। इस बीच शकील को पुलिस ने पकड़ लिया था। लेकिन विष्णु और सद्दाम का पता नहीं चल पा रहा था।

कोतवाली टीआइ बलराम सिंह राठौर को सूचना मिली कि विष्णु मुंबई में है। मंगलवार को उसकी लोकेशन मिलने पर टीआइ ने उसे पकड़ने के लिए टीम रवाना की। बुधवार को विष्णु को गिरफ्तार कर खंडवा लाया गया। उसे पकड़ने में प्रधान आरक्षक महेंद्र वर्मा की अहम भूमिका रही। आरोपित को तीन दिन की रिमांड पर लिया गया है। पूछताछ कर डकैती का माल जब्त किया जाएगा। अब इस मामले में एक आरोपित रह गया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *