June 26, 2026

INDIA गठबंधन के संयोजक पर नीतीश ने काटी लालू यादव की बात, जानिए क्या कहा

0
niti-1.jpg

 पटना

लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर बनाए गए विपक्षी दलों के इंडिया गठबंधन की मुंबई में 31 अगस्त और एक सितंबर को बैठक होने वाली है। इस बैठक में संयोजक के नाम पर चर्चा की जाएगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यों में अलग-अलग संयोजक की खबरों पर विराम लगाया है। उन्होंने कहा कि इस बारे में बैठक में फैसला होगा, जिसके बाद सभी को जानकारी दे दी जाएगी। सीएम नीतीश के इस बयान के बाद अटकलें लगाई जा रही हैं कि INDIA गठबंधन में कई नहीं बल्कि एक ही संयोजक होगा। हालांकि, पिछले दिनों लालू प्रसाद यादव ने राज्यों के आधार पर अलग-अलग संयोजक बनाने के संकेत दिए थे।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को पटना में बीपी मंडल को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि 31 अगस्त को  सभी विपक्षी दलों के नेता बैठक में शामिल होने मुंबई जाएंगे। वहां 1 सितंबर को गठबंधन की बैठक होगी। सीएम नीतीश ने कई राज्यों में अलग-अलग संयोजक बनाने की खबर पर विराम लगाया। उन्होंने कहा कि बैठक में जो फैसला होगा उसकी जानकारी दी जाएगी।
 

बता दें कि लंबे समय से नीतीश कुमार के विपक्षी गठबंधन का संयोजक बनाए जाने की अटकलें लगाई जा रही हैं। पिछले दिनों आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से इंडिया गठबंधन के संयोजक को लेकर सवाल किया गया था। उन्होंने सीएम नीतीश का नाम तो नहीं लिया लेकिन यह जरूर कहा कि कुछ राज्यों को मिलाकर अलग-अलग ग्रुप में संयोजक बनाए जा सकते हैं। फिर यह कयास लगाए जाने लगे कि इंडिया के एक से ज्यादा संयोजक होंगे। हालांकि, इस पर अंतिम फैसला रक्षाबंधन के बाद मुंबई में होने वाली विपक्षी दलों की बैठक में होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *