June 28, 2026

जल्द ही एक और नए रूट पर वंदे भारत ट्रेन चलने वाली, जानें डिटेल्स

0
vande2-1.jpg

नई दिल्ली
भारतीय रेलवे ने पिछले कुछ सालों में वंदे भारत ट्रेनों पर काफी फोकस किया है। एक के बाद एक नए रूटों पर वंदे भारत ट्रेनों की लॉन्चिंग की जा रही है। अब भारतीय रेलवे के यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। एक और नए रूट पर वंदे भारत ट्रेन चलने वाली है। यह ट्रेन कर्नाटक के बेलगावी से पुणे के बीच चलेगी। इसके लिए केंद्र सरकार ने अप्रूवल भी दे दी है। राज्यसभा सांसद और बीजेपी नेता इरन्ना कडाडी ने यह जानकारी दी है।

नए रूट पर चलने वाली वंदे भारत को लेकर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कडाडी को पत्र लिखकर रेल मंत्रालय के इस बाबत लिए गए फैसले के बारे में जानकारी दी है। हालांकि, बेलगावी से पुणे के बीच वंदे भारत कब से शुरू होगी, इसकी तारीख की घोषणा नहीं की गई है। माना जा रहा है कि इस ट्रेन के शुरू होने से यात्री न सिर्फ कम समय में अपने गंतव्य तक पहुंच पाएंगे, बल्कि ट्रेड और टूरिज्म को भी बढ़ावा मिल सकेगा। बता दें कि पिछले साल दिसंबर के आखिरी में पीएम मोदी ने पांच वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई थी। अयोध्या से शुरू की गईं ये ट्रेनें अब विभिन्न रूट्स पर चलने भी लगी हैं।

अभी 82 वंदे भारत रेलगाड़ियां चल रहीं
इससे पहले रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को बताया है कि वंदे भारत रेलगाड़ियों की संख्या बढ़ाकर 82 कर दी गई है और नई दिल्ली-मुंबई तथा नई दिल्ली-हावड़ा रेल मार्गों पर इन ट्रेनों की गति 160 किलोमीटर प्रति घंटा तक बढ़ाने का काम चल रहा है। उन्होंने वंदे भारत ट्रेनों की सेवाओं के संबंध में 10 सांसदों द्वारा पूछे गए प्रश्नों के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी। वैष्णव ने कहा, ''31 जनवरी, 2024 तक 82 वंदे भारत ट्रेन संचालित थीं।'' उन्होंने कहा, ''इसके अलावा, रेलगाड़ियों के ठहराव का प्रावधान और वंदे भारत सहित नई ट्रेन सेवाओं की शुरुआत सतत चलने वाली प्रक्रियाएं हैं।''

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *