June 30, 2026

UP पर मेहरबान मॉनसून, 5 दिन तक भीगेगा, 14 और राज्यों में जोरदार बारिश

0
rain_33_3.jpg

नई दिल्ली

गर्मी के सबसे ज्यादा सताए हुए राज्य उत्तर प्रदेश पर मॉनसून खासा मेहरबान नजर आ रहा है। राज्य के कई हिस्सों में इस सप्ताह झमाझम बारिश होने की संभावनाएं जताई जा रही हैं। IMD यानी भारत मौसम विज्ञान विभाग ने शुक्रवार को बताया है कि अगले 5 दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में हल्की से मध्यम बारिश होने जा रही है। साथ ही पूर्वोत्तर भारत भी जमकर भीगने वाला है।

आज कहां होगी बारिश
IMD का पूर्वानुमान है कि हिमाचल प्रदेश में 6 और 7 जुलाई, उत्तराखंड में 8 जुलाई, पंजाब में 6 और 7 जुलाई, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली में 5-6 जुलाई, उत्तर प्रदेश में 9 जुलाई तक, पूर्वी राजस्थान में 5-6 जुलाई, पश्चिम और पूर्वी मध्य प्रदेश में 5 जुलाई, छत्तीसगढ़ में 7 और 8 जुलाई को भारी बारिश हो सकती है। जम्मू-कश्मीर, गिलगिट, लद्दाख, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद में शनिवार यानी 6 जुलाई को भारी बारिश के आसार हैं।

भारत के पूर्वी और पूर्वोत्तर क्षेत्र में अगले 5 दिनों तक जोरदार बारिश की उम्मीद है। मौसम विभाग ने बताया है कि झारखंड में 5 जुलाई, ओडिशा में 6, 8 और 9 जुलाई, बिहार में 6 से 9 जुलाई तक, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा में 7 से 9 जुलाई तक और असम, मेघालय में 8-9 जुलाई को बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं।

इधर, दक्षिण भारत में केरल, माहे, लक्षद्वीप, तटीय कर्नाटक, कोंकण, गोवा, गुजरात राज्य में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, तटीय आंध्र प्रदेश, यानम, आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, करईकल, रायलसीमा, तेलंगाना में भी अगले पांच दिनों के दौरान बारिश हो सकती है। मॉनसून ने 2 जुलाई को ही पूरे देश को कवर कर लिया था।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *