July 10, 2026

लाड़ली बहनों, महिलाओं की गुमशुदगी प्रदेश के माथे पर कलंक: विभा पटेल

0

भोपाल। मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती विभा पटेल ने आरोप लगाते हुए कहा है कि भाजपा सरकार के राज में आधी आबादी असुरक्षित है। डबल इंजन सरकार को बच्चियों से लेकर लाड़ली बहनें और महिलाओं की कोई फिक्र नहीं है। इसकी मिसाल ये है कि पिछले चार वर्षों में गुम हुईं चार हजार से अधिक बालिकाओं और 28,857 महिलाओं को खोज पाने में पुलिस पूरी तरह से नाकाम रही है। इनकी गुमशुदगी प्रदेश के माथे पर कलंक की तरह है। इस संवेदनशील मुद्दे पर सरकार की चुप्पी भर्त्सना योग्य है।
श्रीमती विभा पटेल ने कहा कि भाजपा सरकार मासूम बच्चियों, बालिकाओं, लाड़ली बहनों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर बढ़चढ़ कर दावे करती है। आधी आबादी की हिफाजत करने का दावा करते हुए थकती नहीं हैं। लाड़ली लक्ष्मी योजना और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसी कई योजनाएं चलाने की बात कर रही है, लेकिन प्रदेश का पुलिस तंत्र गायब हुई चार हजार बेटियों को तलाश नहीं कर पा रहा है। यह भाजपा सरकार की विफलता को प्रदर्शित करता है। सिर्फ इतना ही नहीं, राज्य में 2021 से 2024 के बीच 28,857 महिलाएं भी लापता है। इसको लेकर भी सरकार मौन हैं।
श्रीमती विभा पटेल ने कहा कि लापता बच्चों, लाड़ली बहनों, महिलाओं आदि की संख्या के मामले में मध्य प्रदेश, देश में सबसे आगे है। गृह मंत्रालय के मुताबिक देश में 2019 से 2021 के बीच 18 साल से अधिक आयु की 10 लाख 61 हजार 648 महिलाएं लापता हुईं। इस दौरान 18 साल से कम आयु की दो लाख 51 हजार 430 लड़कियां गायब हुई हैं।
श्रीमती विभा पटेल ने कहा कि डबल इंजन की भाजपा सरकार लाड़ली बहनों और महिलाओं की उन्नति और प्रगति की बात करती है, लेकिन उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल रही हैं। श्रीमती विभा पटेल ने कहा कि जब तक सरकार महिला सुरक्षा के मुद्दे को गंभीरता से नहीं लेगी, तब तक इन चिंताजनक हालतों में सुधार लाना बहुत मुश्किल है। इस गंभीर मुद्दे पर डबल इंजन सरकार ने जरूरी उपाय नहीं किए तो महिला कांग्रेस आंदोलन करने को मजबूर होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *