March 17, 2026

वैष्णो देवी भक्तों के लिए बड़ी राहत, मिल गई बहुप्रतीक्षित मंजूरी!

0

पंजाब 
माता वैष्णो देवी जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए खुशखबरी है। दरअसल,  जालंधर और आसपास के श्रद्धालुओं के लिए रेलवे बोर्ड ने नई दिल्ली से श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रैस को जालंधर कैंट स्टेशन पर ठहराव देने की मंजूरी दे दी है। इस संबंध में रेलवे बोर्ड द्वारा आधिकारिक पत्र जारी किया गया है।

लंबे समय से जालंधर, होशियारपुर, नकोदर, कपूरथला सहित आस-पास के जिलों के श्रद्धालु यह मांग कर रहे थे कि श्री माता वैष्णो देवी के दर्शन हेतु उन्हें वंदे भारत एक्सप्रैस का सीधा लाभ मिल सके। अब यह मांग पूरी हो गई है। रेलवे द्वारा जारी किए गए पत्र संख्या 701 के अनुसार गाडी संख्या 22439 (नई दिल्ली से श्री माता वैष्णो देवी कटरा) अब जालंधर कैंट स्टेशन पर सुबह 10.04 बजे पहुंचेगी और 10.06 बजे रवाना होगी।

वहीं, गाड़ी संख्या 22440 (कटरा से नई दिल्ली) शाम 6.51 बजे जालंधर कैंट पहुंचेगी और 6.53 बजे रवाना होगी। हालांकि जालंधर कैंट पर ठहराव देने के कारण ट्रेन के समय में कुछ बदलाव किया गया है। गाड़ी संख्या 22439 अब जम्मू डिवीजन के भोगपुर स्टेशन पर 5 मिनट देरी से पहुंचेगी। गाड़ी संख्या 22440 अंबाला डिवीजन के साहनेवाल स्टेशन पर 5 मिनट की देरी से पहुंचेगी। इस बदलाव के चलते अब जम्मू और अंबाला डिवीजनों को इन ट्रेनों की समय-सारिणी में मामूली बदलाव करना पड़ेगा। इस फैसले से ना केवल जालंधर बल्कि आस-पास के इलाकों के श्रद्धालुओं और यात्रियों को बड़ी सहूलियत मिलेगी। अब वे माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए कम समय में और अधिक आरामदायक यात्रा कर सकेंगे। रेलवे के इस निर्णय से लोगों में खुशी की लहर देखने को मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *