हरियाणा में भारी बारिश का कहर, कई जगह मकान ढहे, तटबंध टूटने से बाढ़ का खतरा बढ़ा
हिसार.
हरियाणा में मानसून ने फिर रफ्तार पकड़ ली है। वीरवार को प्रदेश के 16 जिलों में हुई वर्षा से गर्मी और उमस से राहत मिली, लेकिन कई शहरों में जलभराव और वर्षाजनित घटनाओं ने जनजीवन को आफत में डाला। पलवल में सर्वाधिक 96.5 मिमी तथा गुरुग्राम में 68 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
लगातार बरसात से कई स्थानों पर सड़कें पानी में डूब गईं, यातायात प्रभावित रहा और रेवाड़ी-नूंह में मकान गिरने की घटनाएं भी सामने आईं। दूसरी ओर यमुनानगर में पथराला नदी के टूटे तटबंध ने निचले क्षेत्रों की चिंता बढ़ा दी है। कुरुक्षेत्र में मारकंडा नदी का बढ़ता जलस्तर भी चिंता का विषय बना है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने शुक्रवार के लिए 10 जिलों में तेज वर्षा का यलो अलर्ट जारी किया है, जबकि चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (एचएयू) ने भी अगले दो दिन प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी से तेज वर्षा का पूर्वानुमान जताया है।
जानिये… वीरवार को विभिन्न जिलों में कैसे रहे हालात
यमुना नगर : पथराला नदी का तटबंध टूटने का असर जारी है। आसपास के गांवों की सैकड़ों एकड़ कृषि भूमि अब भी पानी में डूबी हुई है।
कुरुक्षेत्र : मारकंडा नदी का जलस्तर बढ़ने से कठवा और कलसाना सहित निचले क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा बढ़ा है।
फतेहाबाद : 26.5 मिमी वर्षा से धान और नरमा की फसलों को राहत मिली। कई स्थानों पर जलभराव से लोगों को दिक्कत भी हुई।
हिसार : 11.1 मिमी वर्षा से तापमान में गिरावट आई। निचले इलाकों में जलभराव हुआ और किसानों ने फसलों के लिए इसे लाभकारी बताया।
गुरुग्राम में भारी बारिश से लगा जाम
गुरुग्राम में भारी वर्षा के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबा जाम लगा और सेक्टर-55 सहित कई क्षेत्रों में स्कूल बस समेत अनेक वाहन जलभराव में फंस गए। उधर, कुरुक्षेत्र में मारकंडा नदी का जलस्तर बढ़ने से निचले गांवों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। यमुनानगर में पथराला नदी का तटबंध टूटने के बाद आसपास के गांवों की सैकड़ों एकड़ कृषि भूमि अब भी पानी में डूबी हुई है।
जींद : हल्की वर्षा और दिनभर बादल छाए रहने से मौसम सुहावना रहा। किसानों ने धान की फसल के लिए अच्छी वर्षा की उम्मीद जताई।
रोहतक: हल्की बूंदाबांदी से तापमान में गिरावट दर्ज हुई। दिनभर बादल छाए रहने से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली।
अंबालाः दिनभर बादल छाए रहे और मौसम सुहावना बना रहा। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक वर्षा की संभावना जताई है।
कुहारड़ गांव में मकान ढहने के कारण तीन लोग मलबे में दबे
रेवाड़ी के कुहारड़ गांव में वर्षा के बीच एक मकान भरभराकर ढह गया। मलबे में दबने से एक महिला और सात वर्षीय बच्चा घायल हो गए। उधर, नूंह जिले के डूंगेजा गांव में दो कच्चे मकान ढहने से 62 वर्षीय महिला मलबे में दब गई। स्वजन और ग्रामीणों ने उसे बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई गई है।
