June 17, 2026

 122 सालों में पहली बार दिसंबर महीना सबसे गर्म रहा

0
1-173.jpg

नई दिल्ली
दिल्ली समेत पूरा उत्तर भारत इस समय भीषण ठंड की चपेट में है। न्यूनतम पारा 5 डिग्री से नीचे नोट किया जा रहा है। वहीं इससे उलट साल 2022 के दिसंबर महीने को लेकर चौंकाने वाली खबर सामने आई है। जहां जनवरी की ठंड से लोगों की हालत पतली है वहीं 122 सालों में पहली बार दिसंबर महीना सबसे गर्म रहा। मौसम विभाग ने इससे संबंधित बुधवार को आंकड़े पेश किए हैं। मौसम विभाग ने जो आंकड़े पेश किए हैं उसके अनुसार, इस बार दिसंबर महीने में अधिकतम तापमान 21.49 डिग्री सेल्सियस रहा। यह साल 2008 में नोट किए गए अधिकतम तापमान 21.46 डिग्री से भी ज्यादा रहा।

मौसम विभाग ने बताई वजह

नैशनल वेदर फोरकास्टिंग सेंटर, IMD में साइंटिस्ट के तौर पर कार्यरत राजेंद्र जेनामानी ने हमारे सहयोगी टाइम्स ऑफ इंडिया को इसके पीछे का कारण बताया है। जेनामानी ने कहा कि इसके पीछे की वजह पूर्वी और उत्तरपूर्वी भारत और आंशिक रूप से मध्य भारत में तापमान का सामान्य से अधिक होना है। साल 1901 के बाद पहली बार अधिकतम और न्यूनतम तापमान इस बार ज्यादा रहा। सांइटिस्ट ने आगे कहा कि मध्य भारत में भी दिसंबर के दौरान तापमान सबसे ज्यादा नोट किया गया।

15 दिसंबर तक कोई शीतलहर और कोहरा नहीं रहा
राजेंद्र जेनामानी ने आगे बताया कि महाराष्ट्र की बात करें तो दिसंबर के महीने में यह राज्य भी गर्म ही रहा। इसके चलते बाकी राज्यों जैसे मध्य प्रदेश, तेलंगाना में न्यूनतम तापमान में 1-20 दिसंबर तक गिरावट तो देखी गई लेकिन यह 7 डिग्री के नीचे नहीं गया। उन्होंने आगे कहा कि इस बार दिसंबर में ठंड काफी देरी से आई। दिनवार बात करें तो उत्तर और भारत के मध्य क्षेत्रों में 15 दिंसबर तक शीतलहर, कोहरा या भीषण ठंड जैसा कुछ नहीं रहा। इस बार देखा गया कि 18 दिसंबर के बाद से दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तरी राजस्थान में शीतलहर का दौर शुरू हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed