July 12, 2026

जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय का इतिहास स्वर्णिम : कृषि मंत्री पटेल

0
1-470.jpg

16वें दीक्षांत समारोह में हुए शामिल

भोपाल

किसान-कल्याण तथा कृषि विकास मंत्री कमल पटेल आज जबलपुर के जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय के 16वें दीक्षांत समारोह में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का इतिहास स्वर्णिम रहा है। मध्यप्रदेश के सबसे पुराने जबलपुर कृषि विश्वविद्यालय ने कृषि संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन किया है। दीक्षांत समारोह में कुलपति, प्राध्यापक, कृषि वैज्ञानिक, और विद्यार्थी मौजूद रहे।

कृषि मंत्री पटेल ने दीक्षांत समारोह में शामिल सभी मेधावी विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की उन्नत कृषि और प्रदेश को लगातार मिलने वाले कृषि कर्मण पुरस्कारों में जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय का अहम योगदान है। यहाँ अध्ययन करने वाले सभी विद्यार्थी स्वयं को गौरवान्वित समझें कि वे उत्कृष्ट और बेहतर संस्थान में अध्ययन कर रहे हैं। मंत्री पटेल ने कहा कि विश्वविद्यालय में अध्ययन के साथ ही सांस्कृतिक, खेलकूद और व्यक्तित्व विकास के लिये भी समुचित प्रयास किये जाते हैं, जिसकी ख्याति पूरे देश में व्याप्त है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय देश के विकास में एक नई इबारत लिख रहा है। यहाँ के विद्यार्थी दीक्षित होने के बाद उन्नत कृषि में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। मंत्री पटेल ने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में विश्वविद्यालय के विद्यार्थी कृषि क्षेत्र में आने वाली समस्या एवं चुनौतियों का हल ढूँढने में भी समर्थ रहेंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *