June 27, 2026

कराया किसानों का शैक्षणिक भ्रमण, बताई खेती की विभिन्न नयी तकनीक

0
2-226.jpg

बड़वानी

नीति आयोग आकांक्षी जिला परियोजना अंतर्गत आई.टी.सी मिशन सुनहरा कल और सीपा  संस्था के सहयोग से जिले में एक दिवसीय कृषक शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम गुरूवार को आयोजित किया गया। जिसमें बड़वानी, ठीकरी, राजपुर एवं पाटी ब्लॉक के किसानों को ग्राम खेड़ी ब्लॉक निवाली में मियाबाकी पद्धति से तैयार सौ वर्ग मीटर का जंगल, पलसूद में सौलर पंप, जुलवानिया में मछली पालन केंद्र, आरएएस टैंक व तालाब का भ्रमण, राजपुर में पॉली हाउस तथा नंदगांव रालामंडल में जैविक खेती का भ्रमण कराया गया।

     इसमें किसानों को बीजामृत, जीवामृत, घन जीवामृत, सोया टॉनिक, पांच पत्ती काढ़ा, दशपर्णी अर्क, निमास्त्र, ब्रम्हास्त्र व जैविक चटनी बनाने की विधि की पूर्ण जानकारी दी। जैविक खाद में गोबर खाद, केंचुआ खाद, गोबर गैस संयंत्र, ओजोला की जानकारी के साथ आम, सुरजना, अमरूद, नींबू, हल्दी, प्याज, नेपियर घास की बहुमंजिला खेती के अलावा गेहूं व चने की उन्नत व जैविक तरीकों पर विस्तृत चर्चा की गयी। पॉलीहाउस में तैयार नर्सरी जिसमें बैंगन, ककड़ी, करेला, गिलकी, मिर्च, टमाटर तरबूज व खरबूज की रौप पर विस्तृत रूप से चर्चा की गई।

जिससे कि किसान अपनी खेती में नवीन तकनीक व व्यवसाय को अपनाकर अधिक आय अर्जित कर सके। साथ ही केंद्र व राज्य सरकार की किसान हितेषी योजनाओं के साथ पशुपालन, मतस्य पालन, कृषि व उद्यानिकी विभाग की विभिन्न योजना के बारे में जानकारी भी दी गयी। भ्रमण कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र के प्रमुख व प्रधान वैज्ञानिक डॉ. एस. के. बड़ोदिया सर व उद्यानिकी वैज्ञानिक डॉ. डी. के. जैन, 16 गांवों के 67 किसानों के साथ सिपा संस्था से संदीप मोहबे, विजय पटेल, प्रगतिशील किसान घमंडी मुलेवा, संजीव कुशवाह, अर्पित साहू व अशोक कुमार गोयल उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *