June 23, 2026

धोनी की बल्लेबाजी के दौरान टूटा IPL Viewership का रिकॉर्ड, इतने करोड़ फैंस ने उठाया लुत्फ

0
ms_dho-1.jpg

नई दिल्ली

चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी भले ही 41 साल के हो गए हैं, मगर उनके लिए फैंस के प्यार में किसी तरह की कमी नहीं आई है। बुधवार रात जब धोनी राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ बल्लेबाजी कर रहे थे तब आईपीएल 2023 की व्यूअरशिप के सभी रिकॉर्ड ध्वस्त हो गए। धोनी की बल्लेबाजी का करीब 2.2 करोड़ फैंस ने ऑनलाइन लुत्फ उठाया। इसी के साथ सीएसके बनाम आरआर मुकाबला आईपीएल 2023 में सबसे ज्यादा देखे जाने वाला मैच बना। इससे पहले यह रिकॉर्ड आरसीबी बनाम एलएसजी मुकाबले के दौरान बना था जब 1.8 करोड़ फैंस ने इसे ऑनलाइन देखा था।

आईपीएल 2023 के टॉप 5 हाईएस्ट व्यूअरशिप मैच पर नजर डालें तो तीन मुकाबले इसमें चेन्नई सुपर किंग्स के हैं। हैरानी की बात यह है कि इन तीनों मैच के दौरान हाईएस्ट व्यूअरशिप तब रिकॉर्ड हुई जब महेंद्र सिंह धोनी बल्लेबाजी कर रहे थे। हालांकि धोनी अपनी टीम को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुकाबले में जीत नहीं दिला पाए। अंतिम गेंद पर सीएसके को जीत के लिए 5 रनों की दरकरा थी और धोनी स्ट्राइक पर थे। संदीप शर्मा ने इस दौरान शानदार यॉर्कर डाल धोनी को विनिंग सिक्स लगाने से रोका और अपनी टीम को जीत दिलाई।

चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया था। जोस बटलर के अर्धशतक के दम पर आरआर की टीम निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर बोर्ड पर 175 रन लगाने में कामयाब रही थी। इस स्कोर के सामने चेन्नई 20 ओवर में 172 ही रन बना पाई। धोनी और रविंद्र जडेजा की जोड़ी ने अंत में टीम को जीताने की पूरी कोशिश की, मगर वह विफल रहे। आरआर ने यह मैच 3 रनों से जीता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *