July 5, 2026

42°C तक जाएगा पारा! गर्मी झेलने को हो जाएं तैयार…जानिए ‘लू’ पर मौसम विभाग का नया अपडेट

0
mosam12.jpg

नई दिल्ली
  भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अधिकारियों ने अनुमान जताया कि राष्ट्रीय राजधानी में आगामी दो से तीन दिन में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस पहुंच सकता है, लेकिन अभी एक और सप्ताह तक भीषण गर्मी एवं ‘लू' चलने की संभावना नहीं है। IMD के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पश्चिमी क्षेत्र को प्रभावित करेगा जिसके प्रभाव के चलते 13 मई को दिल्ली में धूल भरी आंधी चलने और बूंदाबांदी होने की संभावना है, जिससे गर्मी से अस्थायी राहत मिल सकती है। उन्होंने कहा, ‘‘आगामी कुछ दिन आसमान साफ रहने और अधिकतम तापमान बढ़ने की संभावना है और इसके 12-13 मई को 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है, लेकिन 16-17 मई तक ‘लू' चलने की संभावना नहीं है।''

 दिल्ली में बुधवार को न्यूनतम तापमान 20.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य मौसम से तीन डिग्री कम है। शहर में 21 अप्रैल से सात मई के बीच बादल छाए रहे और छिटपुट बारिश हुई, जो साल के इन महीनों में दुर्लभ ही होता है। ऐतिहासिक रूप से, मई दिल्ली में सबसे गर्म महीना रहता है और इस दौरान औसत अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जाता है। अधिकारी इसका कारण एक के बाद एक आए पश्चिमी विक्षोभ को बताते हैं। पश्चिमी विक्षोभ मौसम की ऐसी प्रणालियां हैं जो भूमध्यसागरीय क्षेत्र में उत्पन्न होती हैं और उत्तर-पश्चिमी भारत में बेमौसम बारिश लाती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *