July 7, 2026

UP-बिहार और उत्तराखंड में आना वाला है मॉनसून, इस दिन से मिलेगी गर्मी से राहत; कब कहां बारिश

0
ba-2.jpg

 नई दिल्ली

मॉनसून देरी से ही सही, लेकिन अब उत्तर भारत में आने को तैयार है। गुरुवार को दक्षिण और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में मॉनसून ने दस्तक दी है। इसके बाद उत्तर भारत की ओर भी अगले 2 से 3 दिनों में मॉनसून रुख कर सकता है। मॉनसून 8 जून को एक सप्ताह की देरी से केरल के तट पर पहुंचा था, लेकिन उसके बाद से ही रफ्तार कम थी। देश के पूर्वोत्तर राज्यों असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश को छोड़कर अन्य हिस्सों में मॉनसून की रफ्तार कम थी। मौसम विभाग का कहना है कि अब मॉनसूनी बारिश देश के ज्यादातर हिस्सों में शुरू होगी। खासतौर पर यूपी, बिहार, दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान जैसे उत्तर भारत के राज्यों में यह सक्रिय होने वाला है।

अप्रैल और मई में कई राज्यों में खूब बरसने वाले बादल जून महीने में कम ही मेहरबान रहे हैं। जून में बारिश में अब तक 31 फीसदी की कमी देखने को मिली है। यहां तक कि केरल, रायलसीमा, तटीय कर्नाटक जैसे इलाकों में जहां 11 जून तक मॉनसून पहुंच जाया करता है, वहां भी अब तक बारिश ठीक से नहीं हुई है। माना जा रहा है कि अब मॉनसून सक्रिय हो सकता है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि बिपरजॉय चक्रवात के चलते भी मॉनसून में यह ठहराव था। अब चक्रवात गुजर गया है और नए सिरे से दबाव बन रहा है।

मौसम विभाग ने कहा कि गुरुवार को आंध्र प्रदेश के ज्यादातर इलाकों और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में मॉनसून पहुंच गया। इसके अलावा ओडिशा, बंगाल, झारखंड और बिहार के लिए भी मॉनसून ने रुख किया है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो से तीन दिनों में मॉनसून ओडिशा, बंगाल, झारखंड और बिहार को मॉनसून कवर कर लेगा। इसके अलावा छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के भी कुछ इलाकों में मॉनसून दस्तक दे देगा। खासतौर पर अगले एक सप्ताह के दौरान मध्य भारत में अच्छी खासी बारिश होने का अनुमान है।

दिल्ली, पश्चिम यूपी, हरियाणा और राजस्थान में भी अगले एक सप्ताह तक रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी। बता दें कि दिल्ली में एनसीआर में इस सप्ताह की शुरुआत में भी अच्छी बारिश हो चुकी है। अब एक सप्ताह फिर से बारिश होने से गर्मी से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed