July 13, 2026

प्रदेश के प्रत्येक पात्र व्यक्ति को योजना का लाभ दिलाना हमारा कर्त्तव्य

0
1-5.jpeg

आयुष राज्य मंत्री कावरे विकास यात्रा में हुए शामिल

भोपाल

आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रामकिशोर नानो कावरे ने कहा है कि प्रदेश के प्रत्येक पात्र व्यक्ति को सरकार की योजना का लाभ दिलाना हमारा कर्त्तव्य है। इसी मकसद से प्रदेशभर में संत रविदास जयंती 5 फरवरी से राज्य में विकास यात्रा निकाली जा रही है। राज्य मंत्री कावरे सोमवार को बालाघाट जिले के परसवाड़ा क्षेत्र में विकास यात्रा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस मौके पर 80 लाख रूपये लागत के विकास कार्यों का भूमि-पूजन एवं लोकार्पण किया।

राज्य मंत्री कावरे ने अपने संबोधन में कहा कि विकास कार्यों को जनता के सामने लाने के लिये विकास यात्रा की जा रही है। अब ग्रामीण क्षेत्रों में प्राथमिकता के साथ पक्की सड़कें बनाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि किसान आर्थिक रूप से सक्षम हो सके, इसके लिये प्रत्येक किसान के खाते में वर्ष भर में 10 हजार रूपये की राशि जमा कराई जा रही है। संबल योजना की चर्चा करते हुए राज्य मंत्री कावरे ने कहा कि सामान्य मृत्यु होने पर 2 लाख रूपये और दुर्घटना में मृत्यु होने पर 4 लाख रूपये की राशि प्रभावित व्यक्ति के परिवार को उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ-दर्शन योजना के तहत 60 साल से अधिक उम्र के व्यक्तियों को मुफ्त तीर्थ यात्रा कराई जा रही है। राज्य मंत्री ने उपस्थित समुदाय को राज्य सरकार की नवीन लाड़ली बहना योजना के बारे में भी जानकारी दी। राज्य मंत्री ने विकास यात्रा के दौरान सामुदायिक भवन, प्रशिक्षण केन्द्र भवन एवं सड़क निर्माण का ग्रामीण क्षेत्रों में भूमि-पूजन एवं लोकार्पण किया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *