June 17, 2026

नीतीश कैबिनेट विस्तार: उपेंद्र कुशवाहा को निराशा, कांग्रेस का फायदा, आरजेडी से कौन बनेगा मंत्री?

0

बिहार  
बिहार में खरमास यानी मकर संक्रांति के बाद नीतीश कैबिनेट का विस्तार होने जा रहा है। खुद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार यह घोषणा कर चुके हैं। उन्होंने साफ कर दिया है कि तेजस्वी यादव के अलावा किसी को डिप्टी सीएम नहीं बनाया जाएगा। इसके बाद जेडीयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा को निराशा हाथ लगी है, उन्होंने हाल ही में उपमुख्यमंत्री बनने की इच्छा जाहिर की थी। नए मंत्रिपरिषद में कांग्रेस के मंत्रियों की संख्या बढ़ना तय है। साथ ही आरजेडी कोटे से खाली हुए दो मंत्रियों के पदों को भी भरा जाएगा।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद से अखिलेश प्रसाद सिंह नीतीश सरकार पर मंत्रिपरिषद में पार्टी के सदस्यों की संख्या बढ़ाने का दबाव बना रहे हैं। कांग्रेस के अभी मौजूदा मंत्रिपरिषद में दो मंत्री, आफाक आलम और मुरारी गौतम हैं। मगर विधायकों की संख्या के आधार पर पार्टी दो और मंत्री पद चाहती है। सीएम नीतीश कुमार ने बुधवार को कहा कि कांग्रेस से नए मंत्री बनेंगे। यानी कि कांग्रेस से नए मंत्री बनना तय है।

अगस्त 2022 में महागठबंधन की सरकार बनने के बाद हुए मंत्रिपरिषद विस्तार में आरजेडी कोटे से 16 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली थी। हालांकि, इसके बाद विवादों के चलते कार्तिक कुमार उर्फ कार्तिकेय सिंह और सुधाकर सिंह ने इस्तीफा दे दिया था। सीएम नीतीश ने बुधवार को कहा कि आगामी कैबिनेट विस्तार में आरजेडी के जो पद खाली हुए हैं उन्हें भरा जाएगा।

आरजेडी से कौन बनेगा मंत्री?

डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव की पार्टी ने नए मंत्रियों के नामों पर मंथन शुरू कर दिया है। कयास लगाए जा रहे हैं कि मोकामा उपचुनाव में जीत दर्ज करने वालीं बाहुबली अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी को कैबिनेट में शामिल किया जा सकता है। कहा ये भी जा रहा है कि कार्तिक कुमार की मंत्रिमंडल में फिर से वापसी हो सकती है। हालांकि, अभी तक पार्टी की ओर से इस पर कुछ भी नहीं कहा गया है।

उपेंद्र कुशवाहा को निराशा

नीतीश कैबिनेट विस्तार की चर्चाओं के बीच पिछले दिनों जेडीयू नेता उपेंद्र कुशवाहा के डिप्टी सीएम बनने की अटकलें चली थीं। हालांकि, सीएम नीतीश ने बुधवार को इसे खारिज कर दिया। उन्होंने जेडीयू से किसी भी नेता को डिप्टी सीएम बनाए जाने की बात से इनकार किया है। ऐसे में उपेंद्र कुशवाहा की नीतीश कैबिनेट में एंट्री फिलहाल नहीं होने की पूरी संभावना है।

नीतीश मंत्रिपरिषद में अभी किस पार्टी के कितने सदस्य?

अगस्त 2022 में महागठबंधन सरकार के गठन के वक्त नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बने और आरजेडी से तेजस्वी यादव को डिप्टी सीएम बनाया गया था। इसके बाद हुए मंत्रिपरिषद विस्तार में आरजेडी से 16, जेडीयू से 11, कांग्रेस से 2, हिंदुस्तान आवाम मोर्चा से एक और एक निर्दलीय विधायक को मंत्री बनाया गया। इनमें से आरजेडी के दो मंत्री इस्तीफा दे चुके हैं। वाम दल सरकार को बाहर से सपोर्ट कर रहे हैं, इसलिए उनके विधायकों को कैबिनेट में नहीं शामिल किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed