July 12, 2026

उत्तर भारत के कुछ राज्यों में हो सकती है तेज बारिश, दिल्ली-UP में बढ़ा पारा

0
Delhi_temperature.jpg

नई दिल्ली

देश के कई इलाकों में फरवरी महीने में ही भीषण गर्मी ने दस्तक दे दी है। दिल्ली में इस महीने के अधिकतम तापमान ने बीते 54 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। वहीं, पश्चिमी विक्षोभ के कारण देश के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों के लिए बारिश के भी आसार हैं, जिससे लोगों को गर्मी मिलेगी। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 16.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से नौ डिग्री सेल्सियस अधिक यानी 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। दिल्ली में 1969 के बाद फरवरी महीने में यह तीसरा सबसे गर्म दिन रहा।

वहीं, दूसरी तरफ मौसम विभाग ने बताया है कि 21 से 23 फरवरी तक के लिए उत्तर भारत के कुछ राज्यों में तेज बारिश हो सकती है। अरुणाचल प्रदेश में भी आज से दो दिनों तक बारिश का पूर्वानुमान है।

मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में कहा है कि असम, मेघालय, नागालैंड और मणिपुर जैसे नार्थ-ईस्ट राज्यों में भी आज से बारिश हो सकती है। इसके अलावा, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी हिस्सों में बर्फबारी हो सकती है। इसके कारण अगले कुछ दिनों में इससे सटे मैदानी राज्यों में मौसम का मिजाज बदल सकता है।

बारिश को तरसे देश के कई राज्य
मौसम विभाग के अनुसार देश के 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में इस साल सामान्य से कम बारिश हुई है। मिजोरम, त्रिपुरा, झारखंड, गोवा, दादर नगर हवेली और दमन और दीयू ऐसे राज्य हैं जहां इस साल बारिश हुई ही नहीं है। दस राज्य ऐसे हैं जहां बारिश में 90 फीसदी तक की कमी दर्ज की गई है जो तापमान में बढ़ोतरी का बड़ा कारण हो सकता है। आईएमडी के अनुसार देशभर में एक जनवरी से 17 फरवरी तक सामान्य से 35 फीसदी कम बारिश हुई है। सर्दियों में अक्तूबर से दिसंबर के बीच भी जरूरत के अनुसार बारिश न होने से वातावरण में गर्मी बढ़ी है।

दिल्ली: गर्मी रोज बना रही रिकॉर्ड
दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री अधिक 31.5 डिग्री सेल्सियस था। 1981 से 2010 में 15 से 19 फरवरी के बीच अधिकतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। दिल्ली में इस साल फरवरी के शुरुआती 19 दिनें में 15 दिन अधिकतम तापमान 24 डिग्री तक रहा है। जनवरी में औसतन सामान्य बारिश 21 मिलीमीटर मानी जाती है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *